देर रात पुलिस का छापा, 700 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त, तस्करों में हड़कंप

चांडिल के तिरुलडीह में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध बालू लदा हाइवा जब्त किया। अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी, तस्करों में मचा हड़कंप।

चांडिल : चांडिल अनुमंडल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सोमवार रात छापेमारी कर करीब 700 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त किया. तिरुलडीह थाना पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से बालू के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी. पुलिस ने देर रात विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान एक हाइवा को रोका गया. इसमें भारी मात्रा में बालू लदी थी. पुलिस की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

वाहन को थाने में रखा, विभाग करेगी जांच

पुलिस ने चालक से बालू से संबंधित वैध कागजात की मांग की. संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर प्रथम दृष्टया में अवैध पाया गया. थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया - जब्त हाइवा में लगभग 700 सीएफटी बालू लदी थी. वाहन को तिरुलडीह थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है. इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी गयी है, ताकि बालू के स्रोत और परिवहन दस्तावेजों की जांच हो सके. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

चांडिल अनुमंडल में बेखौफ जारी है बालू तस्करी

चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बालू का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बालू का भंडारण किया गया है. इसे रात में हाइवा और अन्य वाहनों के जरिए ऊंचे दामों पर अन्य जिलों में भेजा जा रहा है.

इन जगहों पर किये गये हैं अवैध भंडारण

ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई इलाकों में बड़े पैमाने पर बालू का अवैध भंडारण किया जा रहा है. इनमें जारगोडीह, बीरडीह, सोड़ो, बामुनडीह, रायडीह, चंदनपुर, सपारुम और पौलंग, चांदुडीह व रोयाडीह, मुखिया होटल, घोड़ानेघी आदि शामिल हैं.

पर्यावरण और राजस्व को पहुंच रहा भारी नुकसान

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात में हाइवा से बालू की अवैध ढुलाई बेरोक-टोक की जा रही है. इस अवैध कारोबार के कारण सरकार को हर साल लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है. वहीं, दूसरी ओर बेतरतीब अवैध खनन व भंडारण से स्थानीय नदियों और पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Himanshu gope

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >