सरायकेला के राघुनाथपुर में खड़ी हाइवा बनी हादसों की वजह, दो घटनाओं में तीन घायल, सड़क जाम

Saraikela News: राजनगर थाना क्षेत्र में राघुनाथपुर के पास खड़ी ब्रेकडाउन हाइवा दो अलग-अलग सड़क हादसों की वजह बन गई. इन घटनाओं में तीन युवक घायल हो गए. हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे लंबा यातायात जाम लग गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

सरायकेला से सुरेंद्र मार्डी की रिपोर्ट 

Saraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग पर राघुनाथपुर के पास खड़ी ब्रेकडाउन हाइवा हादसों की वजह बन गई. दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवक घायल हो गए, इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे लगभग पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. 

पहली घटना में युवक गंभीर रूप से घायल 

मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना शाम करीब सात बजे की है. कमारबासा गांव निवासी विश्वकर्मा लोहार (25 वर्ष) मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. राघुनाथपुर के पास सड़क किनारे खड़ी ब्रेकडाउन हाइवा से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.

दूसरी घटना में दो युवक घायल

दूसरी घटना रात करीब साढ़े नौ बजे हुई. राजनगर के जोलडीहा गांव निवासी मनीष उर्फ सुरात प्रधान (22 वर्ष) और चक्रधरपुर के बानालोलोता गांव निवासी शिबो प्रधान (27 वर्ष) मोटरसाइकिल से लौट रहे थे. इसी दौरान वे भी उसी ब्रेकडाउन हाइवा से टकरा गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर में प्राथमिक उपचार के बाद टीएमएच जमशेदपुर रेफर किया गया.

ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया विरोध

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हाता–चाईबासा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाइवा में न तो इंडिकेटर लाइट जल रही थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी संकेत लगाया गया था, जिससे यह हादसा हुआ. उन्होंने मांग की कि सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च हाइवा मालिक द्वारा वहन किया जाए.

हाइवा में संकेत नहीं, एंबुलेंस देरी से पहुंची

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद 108 एंबुलेंस को बुलाने के बावजूद समय पर नहीं पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई. आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक जाम जारी रहेगा. वहीं, पुलिस प्रशासन लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहा है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश

इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Priya Gupta

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >