Seraikela News : छऊ कलाकारों की होगी डिजिटल पहचान, डाटाबेस से मिलेगा सम्मान

छऊ कलाकारों की होगी डिजिटल पहचान, डाटाबेस से मिलेगा सम्मान

सरायकेला. सरायकेला छऊ कला से जुड़े कलाकारों का डाटाबेस तैयार होगा. इसके लिए एसडीओ सह राजकीय कलाकेंद्र के सचिव निवेदिता नियती की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में कार्यपालक दंडाधिकारी सत्येंद्र महतो, आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक मनोज चौधरी शामिल हुए. बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक मनोज चौधरी ने कलाकारों का डाटाबेस तैयार करने का आग्रह किया. इसके बाद कलाकारों का बायोडाटा उपलब्ध कराने को कहा गया. बैठक में डाटाबेस तैयार करने के लिए एसडीओ के नेतृत्व में 13 सदस्यीय टीम का गठन करने का निर्णय लिया गया.कलाकारों की सूची में उम्र सीमा के आधार पर वरीयता सूची बनेगी. उसी आधार पर सभी कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा. बताया गया कि अब कोई कलाकार सम्मान से वंचित नहीं होगा. सभी छऊ कलाकारों की सूची जिला प्रशासन के पास उपलब्ध होगी.

कलाकारों को गुमनामी की जिंदगी नहीं जीनी पड़ेगी :मनोज

आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि छऊ महोत्सव हो या छऊ कलाकारों का सम्मान अब सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ होंगे. डाटाबेस बनने से अब किसी भी कलाकार को गुमनामी की जिंदगी नहीं जीनी पड़ेगी, बल्कि वह छऊ कला के संरक्षण और संवर्द्धन में योगदान देते हुए सम्मानजनक जीवन जी सकेगा.

कला का होगा विकास : भोला महांती

आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला मोहंती ने कहा कि डाटाबेस को लेकर सभी कलाकार सहमत हैं. आने वाले वर्षों में छऊ कला के साथ कलाकारों का भी अपेक्षित विकास होगा. आर्टिस्ट एसोसिएशन के सचिव सुदीप कवि ने डाटाबेस बनाने को ऐतिहासिक कदम बताया. संगीत नाटक अकादमी अवार्डी ब्रजेन्द्र पटनायक ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >