Seraikela Kharsawan News : 52 टुसू व चौड़ल की प्रदर्शनी, पदनामसाई की टुसू प्रथम

सरायकेला : कोलाबीरा में टुसू मेला का आयोजन, प्रतिमाओं के साथ पारंपरिक गीत-नृत्य का हुआ मंचन

खरसावां. सरायकेला-खरसावां जिले के कोलाबीरा स्थित फुटबॉल मैदान में एटीएफए के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘तिलका मांझी ट्रॉफी-2026’ के सफल समापन के अगले दिन टुसू मेला आयोजित किया गया. मेले में लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत रूप देखने को मिला. टुसू और चौड़ल के सामने महिलाएं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर लोक गीत और नृत्य प्रस्तुत करती रहीं. हजारों की संख्या में आये लोग टुसू के रंग में रंगे नजर आए. मेला में अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 52 टुसू और चौड़ल प्रदर्शित किए गए. समितियों ने चौड़ल को विशेष रूप से सजाया. टुसू प्रतिमाओं के साथ पारंपरिक गीत और नृत्य का मंचन हुआ. टुसू गीतों की लय पर महिलाएं झूम उठीं और ग्रामीणों के उत्साह से पूरा कोलाबीरा गूंज उठा. इस दौरान 30 से 35 फीट ऊंचे चौड़ल भी देखने को मिले.

मेला में 52 टुसू व चौड़ल की हुई प्रदर्शनी:

सांस्कृतिक महोत्सव में उत्कृष्ट टुसू प्रतिमाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. राजनगर के पदनामसाई की मां मनसा पूजा समिति की टुसू को प्रथम पुरस्कार दिया गया, जिसे 51 हजार रुपये दिये गये. द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये के साथ मां अन्नपूर्णा मां मनसा पूजा समिति सोसोमली को मिला, जबकि आदिवासी पुरान समिति पिस्काहातु (अड़की, खूंटी) की टुसू को 21 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में रामकृष्ण फोर्जिंग के शक्तिपदो सेनापति, मुख्य संयोजक मो. अख्तर हुसैन, रवींद्र मंडल, लक्ष्मी सरदार, लाल मोहन महतो, शिव नंदन किस्कु, शिशिर मंतो, अनादी महतो, घनश्याम हांसदा और दुर्गा हाइबुरु सहित कई लोग उपस्थित थे. आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी खेल और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का संकल्प दोहराया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >