प्रतिनिधि, सरायकेला
सरायकेला स्थित सर्किट हाउस में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राज बागची ने की. मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के सचिव सह झारखंड प्रभारी भूपेंद्र मरावी उपस्थित रहे. बैठक में संगठन सृजन अभियान और एसआइआर कार्यक्रम के तहत प्रखंड व बूथ स्तर पर बीएलए-2 की जल्द नियुक्ति करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.
झारखंड प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि पार्टी को बूथ से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर मजबूत प्रदर्शन करना है. इसके साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में नेतृत्व की दूसरी पंक्ति तैयार की जायेगी.
जिला प्रभारी बेलस तिर्की और जिलाध्यक्ष राज बागची ने वर्ष 2027 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की ओर ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने मंडल अध्यक्षों को अभी से धरातल पर जुटने का निर्देश दिया, ताकि मुखिया व जिला परिषद जैसे पदों पर अधिक से अधिक कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीत दर्ज कर सकें.
बैठक में प्रदेश महासचिव अजय सिंह, प्रदेश सचिव छोटराय किस्कू, प्रदेश समन्वयक सुरेश धारी, सुभाष नाग, इंटक प्रदेश सचिव राणा सिंह, जिला प्रवक्ता वैद्य संजय कुमार, मोहम्मद मुर्तेज, प्रमेंद्र मिश्रा, खिरोद सरदार, मनमन सिंह, प्रकाश राजू, राजू रजक, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संगीता प्रधान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजाराम पाड़िया, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष जगबंधु महतो, आदिवासी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज बांकिरा आदि उपस्थित रहे.
