Seraikela Kharsawan News: सशस्त्र सीमा बल के 26वीं वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार (IPS) और उप कमांडेंट शक्ति सिंह ने सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान एसएसबी के ‘सी’ कंपनी की ओर से कुचाई के लुदीबेरा और कोमाय के बुरुहातु में ग्रामीणों के साथ बैठक की. बैठक में ग्रामीणों की समस्याओं को जाना.
ग्रामीणों ने अपनी परेशनी के बारे में बताया
ग्रामीणों ने खुल कर अपनी समस्याओं को रखा. खास कर गर्मी के दिनों में हो रही पानी की समस्या के बारे में बताया. ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या हो जाती है. क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं की कमी होने के कारण गांव के लोगों को मुख्य रुप से पहाड़ी के नीचे स्थित पारंपरिक चुआ पर निर्भर रहना पड़ता है. कोमाय के बुरुहातु टोला के ग्रामीणों ग्रामीणों ने पानी के साथ साथ सड़क की समस्या के बारे में भी बताया. साथ ही आजीविका का कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने की बात कही.
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
सशस्त्र सीमा बल के 26वीं वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार (IPS) ने ग्रामीणों की समस्याओं को सरकार के वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया. उन्होंने लोगों को जागरुक हो कर सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे समझना और उन्हें सरकारी एवं गैर-सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, जिससे कि इन योजनाओं का फायदा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके. इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी अलग-अलग समस्याएं और जरूरतें खुलकर रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल ग्रामाणों की भलाई के लिए ही हैं. ग्रामीण कभी भी कैंपों में पहुंच कर अपनी समस्या रख सकते हैं. कमांडेंट शाश्वत कुमार ने सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच बेहतर समंवय पर जोर दिया. सशस्त्र सीमा बल की इस पहल से क्षेत्र में जन-जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है. कार्यक्रम के अंत में मौजूद ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल के लिए आभार व्यक्त किया.
इसे भी पढ़ें: पलामू डीसी ने एमएमसीएच का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधार लाने का दिया अल्टीमेटम
इसे भी पढ़ें: प्रसव पीड़ा के बाद पांकी सीएचसी में भर्ती महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
