सरायकेला: सरायकेला जिले में जहरीले सांप के काटने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. मृतका की पहचान टिंडिंगटीपि गांव निवासी गणेश महतो की पुत्री पूर्वी महतो के रूप में हुई है. घटना सोमवार की भोर करीब 3 बजे की है.
माता-पिता के साथ चारपाई पर सोई थी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी अपने माता-पिता के साथ चारपाई पर सोई हुई थी. चारपाई पर मच्छरदानी भी लगी हुई थी. सोमवार की भोर करीब 3 बजे अचानक पूर्वी चिल्लाते हुए उठी. उसकी आवाज सुनकर उसके माता-पिता भी जाग गये.
परिजनों ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके पैर में किसी चीज ने काट लिया है. इसके बाद परिजनों ने जांच की. इस दौरान चारपाई के पास चित्ती सांप (करैत) दिखाई दिया. सांप को देखकर परिजनों को बच्ची को जहरीले सांप के काटने की आशंका हुई.
इलाज के दौरान बच्ची की मौत
आनन-फानन में परिजन पूर्वी को लेकर सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचे. यहां उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गयी.
घटना के बाद टिंडिंगटीपि गांव में शोक का माहौल है. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
