हिमांशु गोप की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की सांस्कृतिक समारोह अनुदान योजना के अंतर्गत मानभूम सांस्कृतिक समिति आदरडीह द्वारा सरायकेला – खरसावां जिला अंतर्गत ईचागढ़ के चोगा-आदरडीह में आयोजित दो दिवसीय छऊ-झूमर उत्सव के अंतिम दिन लोक कला की रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया.
छऊ और झूमर की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उत्सव के अंतिम दिन ईचागढ़ के चोगा में कला और संगीत की शानदार महफिल सजी, जहां छऊ और झूमर की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कलाकारों ने छऊ नृत्य की सतरंगी छटा बिखेरी तो झूमर की स्वरलहरियों पर सैकड़ों दर्शक झूम उठे.
लोक कलाकारों की प्रस्तुति पर देर रात तक झूमे दर्शक
पश्चिम बंगाल के कोटशिला से आई लोक कलाकार ममता महतो ने कुड़माली झूमर प्रस्तुत कर समां बांधे रखा. वहीं ईचागढ़ चोगा के छऊ गुरु उस्ताद सुचंद महतो और उनकी टीम ने मानभूम शैली के छऊ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी. इसके अलावा, रांची से पहुंचे लोक कलाकारों ने नागपुरी झूमर प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. ईचागढ़ के कलाकार भावतरण महतो और विकास महतो द्वारा प्रस्तुत दरबारी झूमर पर लोग देर रात तक झूमते नजर आए.
समापन समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह और सांस्कृतिक उमंग का माहौल बना रहा. समापन समारोह के अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम पंचानन उरांव, जिला परिषद सदस्य ईचागढ़ पश्चिम के सुभाषिनी देवी, उप प्रमुख दीपक कुमार साव, वरिष्ठ नागपुरी लोक कलाकार रांची के सुनील कुमार, मुखिया नयन सिंह मुंडा, ठाकुर दास महतो, नटराज कला केंद्र चोगा के सचिव प्रभात कुमार महतो आदि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पिनराई विजयन पर ED की कार्रवाई के खिलाफ झारखंड में वामदलों का देशव्यापी आंदोलन, 29 मई से प्रदर्शन
यह भी पढ़ें: गिरिडीह के सरिता देवी को CM के निर्देश पर मिली मदद, प्रशासन उठाएगा बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा
