सरायकेला-खरसावां में कांग्रेस का संवाद: 2029 की तैयारी में जुटने का आह्वान, सांसद ने BJP पर साधा निशाना

Saraikela News: खरसावां के काली मंदिर सामुदायिक भवन में कांग्रेस पार्टी द्वारा ब्लॉक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिलाध्यक्ष राज बागची की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में संगठन विस्तार, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और आगामी जनगणना जैसे गंभीर मुद्दों पर मंथन हुआ. खूंटी सांसद काली चरण मुंडा ने कार्यकर्ताओं को वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया. पढ़ें, कैसे कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर अपनी पैठ बढ़ाने की रणनीति बना रही है.

Saraikela News, खरसावां (शचिंद्र दाश की रिपोर्ट): सरायकेला के खरसावां स्थित काली मंदिर सामुदायिक भवन में बुधवार को कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिलाध्यक्ष राज बागची की अध्यक्षता में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में मुख्य रूप से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), आगामी जनगणना और संगठन विस्तार जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार के जनहितकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. SIR को लेकर भी गंभीर मंथन हुआ, जहां कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ उनसे संवाद कर आवश्यक सुझाव भी लिए गए.

2029 में राहुल गांधी को पीएम बनाने की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता: सांसद

ब्लॉक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा ने मुख्य रूप से SIR की प्रक्रिया पर चर्चा की. उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी इस प्रक्रिया की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर सकती है. सांसद ने स्पष्ट किया कि SIR के नाम पर किसी भी नागरिक को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा. इसके लिए उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सचेत रहने का निर्देश दिया. महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा इस पर भ्रम फैला रही है. कांग्रेस पार्टी आरक्षण की विरोधी नहीं है, लेकिन भाजपा इसकी आड़ में परिसीमन की राजनीति करना चाहती थी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वर्ष 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की तैयारी में अभी से जुट जाएं. साथ ही, उन्होंने एग्जिट पोल के आंकड़ों को खारिज करते हुए दावा किया कि असम में कांग्रेस की सरकार बनेगी और बंगाल में भाजपा का सपना टूटेगा.

Also Read: सड़क पर आया गढ़वा का कुक्कुट पालक: 2500 चूजे और 10 लाख की संपत्ति राख, पड़ोसी पर प्राथमिकी दर्ज

कार्यकर्ता सुनिश्चित करें कि SIR में किसी योग्य वोटर का नाम न कटे: भूपेंद्र मरावी

कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक हालातों में संगठन की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है. उन्होंने बूथ, पंचायत, वार्ड, प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी के ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने ‘बीएलए’ (BLA) की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि SIR लागू होने के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से न कटे. उन्होंने घोषणा की कि ब्लॉक संवाद के बाद अब विधानसभा और जिला स्तर पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

सभी प्रखंडों में आयोजित होगा ब्लॉक संवाद: राज बागची

जिलाध्यक्ष राज बागची ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि जिले के प्रत्येक प्रखंड में ब्लॉक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रकाश कुमार राजू और प्रेमेंद्र मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया. इस मौके पर प्रदेश सचिव छोटराय किस्कू, कार्यकारी जिलाध्यक्ष तरुण डे, प्रखंड अध्यक्ष कोंदो कुंभकार सहित शंकर लोवादा, हरि महतो, साजिद अंसारी, सुमित शर्मा और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Also Read: चाईबासा में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 2000 केजी जावा महुआ किया नष्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >