सरायकेला से शचींद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां के सरायकेला नगर क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है. वर्तमान में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के पूरी तरह चरमराने के कारण आम नागरिकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे नगर पंचायत ने गंभीरता से लिया है. नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा है कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के व्यापक कार्यक्षेत्र के कारण प्रभावी निगरानी में कमी आई है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है. पेयजल जैसी मूलभूत सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
7 दिनों में प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
झारखंड नगर पंचायत अधिनियम के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए अध्यक्ष मनोज चौधरी ने निर्देश दिया है कि नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का संचालन तत्काल प्रभाव से नगर पंचायत, सरायकेला को हस्तांतरित किया जाए. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत को निर्देशित किया गया है कि वे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित करते हुए सात दिनों के भीतर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करें.
समयसीमा में देरी पर होगी कार्रवाई
अध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. नगर पंचायत द्वारा इस पूरे प्रकरण की दैनिक मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे कि आम जनता को जल्द राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: भीषण सड़क हादसे में एयर फोर्स के जवान की दर्दनाक मौत, हैदराबाद से बेटी को देखने आए थे गांव
यह भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी स्कैम: 31.47 करोड़ की अवैध निकासी, DSP से लेकर सिपाही तक ने एक ही माह में 2-2 बार उठाया वेतन
