चांडिल से हिमांशु गोप की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटी की शादी के दिन ही चोरों ने घर को निशाना बना लिया. हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई और पांच आरोपियों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया.
शादी का फायदा उठाकर घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार नीमडीह थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह गांव के टोला जाहिरा मोड़ एनएच-32 स्थित महतो होटल के पास की है, जहां साइकिल मिस्त्री किस्ट गोप के घर में चोरी की कोशिश की गई. किस्ट गोप की बेटी की शादी चल रही थी और बारात जाहिरा मोड़ पर ठहरी हुई थी. शादी समारोह के कारण परिवार के अधिकांश सदस्य घर से बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर 6-7 की संख्या में चोर पुराने घर में घुस गए.
पकड़े गए आरोपियों की पिटाई
आरोपियों ने घर की एस्बेस्टस शीट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर कीमती सामान की तलाश शुरू कर दी. घर का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ मिला और चोर पर्स के साथ साथ अन्य सामान खंगाल रहे थे. इसी बीच शादी से लौटे कुछ लोगों ने घर में हलचल देख शोर मचाया. शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चोरों को घेर लिया. खुद को घिरता देख 2-3 आरोपी फरार हो गए, लेकिन ग्रामीणों ने पांच लोगों को पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपियों की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया.
एक ही दिन खुशियां और खौफ
जहां एक ओर घर में बेटी की शादी की खुशियां थीं, वहीं दूसरी ओर चोरी की कोशिश ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. हालांकि समय रहते ग्रामीणों की सक्रियता से बड़ी चोरी टल गई. पकड़े गए पांचों आरोपियों से पुलिस के द्वारा पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: भीषण सड़क हादसे में एयर फोर्स के जवान की दर्दनाक मौत, हैदराबाद से बेटी को देखने आए थे गांव
यह भी पढ़ें: झारखंड ट्रेजरी स्कैम: 31.47 करोड़ की अवैध निकासी, DSP से लेकर सिपाही तक ने एक ही माह में 2-2 बार उठाया वेतन
