सरायकेला : नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. सरायकेला में 12 अगस्त को लगने वाले रोजगार मेले में 1000 से अधिक पदों पर सीधी नियुक्ति का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि इसमें 8वीं पास से लेकर MBA और स्नातकोत्तर तक के अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं. चयनित युवाओं को पद और योग्यता के अनुसार 15 हजार से 66 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा.
12 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, सुबह 10 बजे से होगी शुरुआत
जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में 12 अगस्त को रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. रोजगार मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी. इसमें सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में नियुक्ति के लिए विभिन्न कंपनियों की ओर से 1000 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा.
इन कंपनियों में नौकरी का मौका
जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया - रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियां शामिल होंगी. इनमें रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, रूंगटा माइंस लिमिटेड, ब्राइटटेक इंडस्ट्रियल इंडिया लिमिटेड, आरुष मेटल कास्टिंग लिमिटेड, पैंथर सिक्योरिटीज, प्रवीण इंजीनियरिंग, ग्रीनटेक कंसल्टेंसी, एलआईसी, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज, मयंक इंटरप्राइजेज, सुभाष पेंटिंग वर्क्स, टाटा स्टील फाउंडेशन, ब्रावो सिक्योरिटी, सुदिशा फाउंड्री और यूनिक सोल्युशन समेत अन्य नियोक्ता शामिल हैं.
ऑपरेटर से इंजीनियर और सिक्योरिटी गार्ड तक पद
रोजगार मेले में अलग-अलग योग्यता और अनुभव वाले अभ्यर्थियों के लिए कई तरह के पद उपलब्ध होंगे. इनमें प्रमुख रूप से: मोल्डिंग ऑपरेटर मेल्टिंग इंजीनियर कोर शॉप ऑपरेटर, मेंटेनेंस इंजीनियर CNC ऑपरेटर, फिटर बॉल मिल ऑपरेटर, प्रेशर फिल्टर ऑपरेटर, वेल्डर गैस कटर, इलेक्ट्रीशियन लैब एग्जीक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं. इसके अलावा भी विभिन्न तकनीकी, गैर-तकनीकी और औद्योगिक पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा.
8वीं पास से MBA तक के युवाओं को मौका
इस रोजगार मेले की खासियत यह है कि इसमें 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, ITI, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बी टेक और एमबीए निर्धारित की गई है. यानी तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के साथ-साथ सामान्य शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए भी नौकरी के अवसर उपलब्ध होंगे.
15 हजार से 66 हजार रुपये तक वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 15,000 रुपये से लेकर 66,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा. इसके साथ ही कई कंपनियों की ओर से PF, ESIC, इंसेंटिव, कैंटीन और निःशुल्क बस सेवा समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. अगर आप सरायकेला-खरसावां या जमशेदपुर क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो यह रोजगार मेला आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है. 12 अगस्त को सुबह 10 बजे से जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में आयोजित रोजगार मेले में पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध पदों के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं.
