दो वर्षो से अधर में लटकी है 357 ग्रामीण चौकीदारों की बहाली, यहां जानें क्या है कारण...

सरायकेला-खरसावां में 357 ग्रामीण चौकीदारों की नियुक्ति प्रक्रिया दो साल से लंबित है। नाराज अभ्यर्थियों ने डीसी ऑफिस पहुंचकर जल्द बहाली की मांग की है।

सरायकेला : सरकारी नौकरी की उम्मीद में आवेदन करने वाले सैकड़ों युवाओं का इंतजार दो साल बाद भी खत्म नहीं हुआ है. सरायकेला-खरसावां जिले में ग्रामीण चौकीदार के 357 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए वर्ष 2024 में निकाली गयी वैकेंसी की नियुक्ति प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है. नियुक्ति में हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया. जल्द बहाली प्रक्रिया पूरी करने की मांग की.

मांगे गए थे 357 रिक्त पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए आवेदन

भ्यर्थियों ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय की सामान्य शाखा की ओर से विज्ञापन संख्या 01/2024 जारी कर जिले में ग्रामीण चौकीदार के 357 रिक्त पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गये थे. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2024 निर्धारित की गयी थी.विज्ञापन में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का हवाला देते हुए नियुक्ति प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करने की बात कही गयी थी.

30 अगस्त 2024 तक पूरी होनी थी प्रक्रिया

अभ्यर्थियों के अनुसार सरकारी निर्देश के तहत ग्रामीण चौकीदार के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया 30 अगस्त 2024 तक पूरी की जानी थी.लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी. सितंबर 2026 आ चुका है और अब तक नियुक्ति नहीं होने से आवेदन करने वाले युवाओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है.

नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क और जरूरी दस्तावेज जमा किये थे. कई अभ्यर्थी लंबे समय से परीक्षा, चयन सूची और नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. दो साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उनके सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग

अभ्यर्थियों ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करते हुए लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को अविलंब शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने की मांग की है.उनका कहना है कि सरकारी विभाग की ओर से जारी विज्ञापन के आधार पर आवेदन करने वाले युवाओं को नियुक्ति प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी और आगे की कार्रवाई की तिथि बतायी जानी चाहिए, ताकि उनका भविष्य अनिश्चितता में न रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >