Seraikela Kharsawan News : हाथी ने घर व दुकान तोड़ी, स्कूल का चावल खाया

नीमडीह : आदिम जनजाति बस्ती में भारी नुकसान

चांडिल. सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत तेतलो व जामडीह गांव में सोमवार रात झुंड से बिछड़े जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है. कई परिवारों को नुकसान उठाना पड़ा है.

जनप्रतिनिधि ने की मुआवजे की मांग:

नीमडीह की पूर्व जिला परिषद सदस्या अनिता पारित ने प्रभावित परिवारों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने फॉरेस्टर से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने की मांग की.

तेंतला.

सबसे पहले हाथी तेतलो खड़िया बस्ती पहुंचा. रघुनाथ सबर के घर को तोड़ दिया. इसके बाद हाथी नव प्राथमिक विद्यालय में घुस गया, जहां मध्याह्न भोजन का चावल खा लिया और ग्रिल व चहारदीवारी को तोड़कर नुकसान पहुंचाया. मंगलवार सुबह शिक्षक केशव गोराई को पता चला.

जामडीह.

उधर, जामडीह में हाथी ने मदन दास के घर को तोड़ा. उनकी राशन दुकान में आटा, आलू सहित अन्य खाद्य सामग्री खा गया. दुकान में रखे कंप्यूटर और वजन मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया. गांव के सनातन सिंह की दुकान को हाथी ने निशाना बनाया और वहां रखे आलू को अपना निवाला बना लिया.

गश्त बढ़ाने की मांग, दहशत बरकरार:

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित जंगल में खदेड़ने व क्षेत्र में लगातार गश्त की मांग की है. फिलहाल भय का माहौल है.

चांडिल डैम में तीन हाथियों की अठखेलियां, पर्यटकों में खुशी

चांडिल. गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे चांडिल डैम स्थित नौका विहार क्षेत्र में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब तीन जंगली हाथियों का दल वहां पहुंचा और ठंडे पानी में जमकर अठखेलियां करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों हाथी पहले डैम किनारे कुछ देर टहलते रहे. इसके बाद वे पानी में उतर गए और लंबे समय तक विचरण करते हुए मस्ती करते रहे. गर्मी से राहत पाने के लिए हाथियों का यह व्यवहार स्वाभाविक माना जा रहा है, लेकिन इसे देखना पर्यटकों के लिए बेहद रोमांचक अनुभव बन गया. नौका विहार क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी. लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर हाथियों की गतिविधियों को देखा और अपने मोबाइल कैमरों में इस दुर्लभ दृश्य को कैद किया.

सतर्क रहने की दी गयी सलाह

हालांकि, हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी. चांडिल डैम क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही नयी बात नहीं है, लेकिन इस तरह खुलेआम पानी में उनकी अठखेलियां लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >