रात में सड़क किनारे खड़े ट्रकों से सावधान! सरायकेला पुलिस ने शुरू किया खास अभियान

सरायकेला यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुख्य सड़क पर खड़े खराब वाहनों पर रेडियम और रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का विशेष अभियान चलाया है.

सरायकेला :पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया. यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन भारी वाहनों की स्थिति का जायजा लिया गया.

सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन वाहनों का लिया जायजा

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने पाया कि कई ट्रक एवं अन्य भारी वाहन खराब होने के कारण मुख्य सड़क पर ही खड़े रहते हैं. विशेषकर रात के समय ऐसे वाहनों में पर्याप्त प्रकाश एवं सिग्नल की व्यवस्था नहीं होने से पीछे और सामने से आने वाले वाहन चालकों को दूर से खड़े वाहन का पता नहीं चल पाता है. इससे टक्कर और सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

वाहनों पर लगाए गए रेडियम और रिफ्लेक्टिव टेप

यातायात थाना प्रभारी द्वारा सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिन ब्रेकडाउन वाहनों को तत्काल सड़क से हटाना संभव नहीं था, उनके आगे, पीछे एवं दोनों तरफ रेडियम तथा रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया. इसका उद्देश्य रात के समय दूर से आने वाले वाहन चालकों को खराब वाहन की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देना है, ताकि वे समय रहते अपनी गति नियंत्रित कर सावधानी बरत सकें.

वाहन खराब होने पर मुख्य सड़क से हटाने की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन खराब होने की स्थिति में उसे यथासंभव मुख्य सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें. इसके साथ ही हैजार्ड लाइट, पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टिव संकेतकों का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें. यातायात प्रभारी राजू ने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >