सरायकेला : सरायकेला के सीनी ओपी अंतर्गत मोहितपुर पंचायत में रिश्ता को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है. यहां नाबालिग संग यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने चचेरे भाई को ही हिरासत में ले लिया है. पीड़िता के मामी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज किया गया है. नाबालिग की मेडिकल जांच कराई गई है.
नाबालिग को देर रात सदर अस्पताल लाई पुलिस
सीनी ओपी प्रभारी विनय सिंह ने बताया - रविवार शाम 5:30 बजे के करीब मोहितपुर पंचायत के मुखिया ने मारपीट की सूचना दी. सूचना पर पुलिस टीम पहुंची. ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद पीड़िता, उसके परिजन व चचेरे भाई को उसके पिता के साथ थाना लाया गया. थाने में पीड़िता के परिजनों से आवेदन मांगा गया. ग्रामीणों ने पहले महिला समिति से मामले की जांच कराने के बाद ही आवेदन देने की बात कही. रात करीब 12 बजे महिला समिति की जांच के बाद पीड़िता की मामी ने आरोपी के खिलाफ यौन शोषण का लिखित आवेदन दिया. आवेदन मिलते ही पुलिस रात करीब 2:30 बजे पीड़िता को मेडिकल के लिए सदर अस्पताल सरायकेला लेकर गई. रात अधिक होने के कारण मेडिकल संभव नहीं हो सका.
रात भर बाल मित्र थाना में रही नाबालिग
पुलिस ने नाबालिग को उसके मामा-मामी के साथ महिला थाना प्रभारी के संरक्षण में बाल मित्र थाना सरायकेला में रखा. सोमवार सुबह अस्पताल खुलते ही पीड़िता को सदर अस्पताल लाकर मेडिकल कराया गया. ओपी प्रभारी ने बताया - यौन शोषण के आरोप में चचेरे भाई विजय हेंब्रम को हिरासत में लिया गया है. गिरफ्तारी की सभी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया जाएगा. उन्होंने कहा - पीड़िता को हर संभव मदद और सुरक्षा दी जा रही है.
