खरसावां : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा - लोकतंत्र में युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज को लाठी, बैरिकेडिंग और बल के सहारे दबाने का कोई स्थान नहीं है. अपने भविष्य और जायज अधिकारों की मांग कर रहे निहत्थे छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है.
दमन से छात्रों के सवाल नहीं होंगे समाप्त
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बयान जारी कर कहा कि सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई कि प्रदेश के युवाओं को अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए सड़कों पर उतरकर विधानसभा का घेराव करना पड़ा. उन्होंने कहा कि दमन से छात्रों के सवाल समाप्त नहीं होंगे. न ही उनके हौसले टूटेंगे. अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार से हठधर्मिता छोड़कर तत्काल छात्र प्रतिनिधियों से संवाद करने की मांग की. उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों पर ठोस एवं समयबद्ध निर्णय लिया जाना चाहिए. साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराकर दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए.
