चौका थाना के पास एनएच-33 पर बना बड़ा गड्ढा, हादसे को दे रहा न्योता

टाटा-रांची हाईवे एनएच-33 पर चौका थाना के पास बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए मुसीबत बना है। प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की जा रही है।

चौका : टाटा-रांची हाइवे एनएच-33 पर चौका थाना के समीप सड़क पर बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का सबब बन गया है. इस मार्ग पर दिन-रात तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन होता है. ऐसे में सड़क के बीच बने गड्ढे से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है.

रात के समय और बढ़ सकता है खतरा

थाना के समीप बने गड्ढे को दूर से देखकर तेज रफ्तार वाहन चालक अचानक ब्रेक लगा देते हैं. इससे पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है. वहीं, गड्ढे से बचने के प्रयास में दोपहिया और छोटे वाहन अनियंत्रित होकर पलट सकते हैं. रात के समय खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि कम रोशनी में गड्ढा वाहन चालकों को आसानी से नजर नहीं आता.

सड़क की नियमित निगरानी और मरम्मत जरूरी

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-33 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत जरूरी है. चौका थाना के समीप गड्ढा कई दिनों से परेशानी का कारण बना हुआ है, लेकिन अब तक इसकी स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है. लोगों का आरोप है कि सड़क की स्थिति को लेकर न तो एनएचएआई गंभीरता दिखा रहा है और न ही प्रशासन की ओर से ठोस पहल की जा रही है.

इस मार्ग से रोजाना गुजरते हैं भारी वाहन

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक, बस, यात्री वाहन और निजी वाहन गुजरते हैं. सड़क पर अचानक बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को अपनी गति कम करनी पड़ती है. कई बार पीछे से आ रहे भारी वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

मरम्मत के लिए 241 करोड़ रुपये की स्वीकृति

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में एनएच-33 की मरम्मत के लिए 241 करोड़ रुपये की स्वीकृति हुईं है. इसके बावजूद सड़क की जमीनी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है. लोगों का कहना है कि यदि बड़े पैमाने पर सड़क मरम्मत की योजना बनी है, तो उसके साथ-साथ दुर्घटना संभावित स्थानों की तत्काल मरम्मत भी होनी चाहिए. लोगों ने संबंधित विभाग से चौका थाना के समीप बने गड्ढे को तत्काल भरने और सड़क की समुचित मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Himanshu gope

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >