खरसावां : ऐतिहासिक रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, रथ का निर्माण कार्य पूरा

खरसावां में 16 जुलाई से शुरू होने वाली ऐतिहासिक रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए प्रशासन ने कसी कमर.

शचिंद्र कुमार दाश

खरसावां : खरसावां में 16 जुलाई से आयोजित होने वाली ऐतिहासिक सरकारी रथयात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. रथयात्रा के सफल, सुरक्षित और पारंपरिक आयोजन को लेकर सोमवार को खरसावां अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी कप्तान सिंकू की अध्यक्षता में पूजा समिति की बैठक हुई. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता, विद्युत सज्जा तथा पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए गुंडिचा मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया, जबकि प्रमुख स्थलों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी.

रथ की मरम्मति से लेकर पूजा व सांस्कृतिक कार्यक्रम पर खर्च होंगे 3.70 लाख

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष रथयात्रा के आयोजन पर करीब 3.70 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. रथ की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सजावट पर 75 से 80 हजार रुपये खर्च होंगे. नेत्रोत्सव से लेकर रथयात्रा व गुंडिचा मंदिर में होने वाले पूजा-अर्चना पर लगभग 78 हजार रुपये तथा विद्युत सज्जा और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था पर करीब 95 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे. इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य व्यवस्थाओं पर भी राशि खर्च होगी, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके.

गोटीपुआ, ओड़िशी नृत्य और भजन संध्या होंगे मुख्य आकर्षण

पूजा समिति ने बताया कि रथयात्रा को सांस्कृतिक रूप से और अधिक भव्य बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. रथ के आगे पारंपरिक घंटवाली दल संकीर्तन प्रस्तुत करेगा. इसके अलावे रथयात्रा से लेकर बाहुड़ा यात्रा तक सामुदायिक भवन में अलग-अलग दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की जाएगी. गोटीपुओ नृत्य, ओड़िशी नृत्य और भजन संध्या का भव्य आयोजन होगा. ओडिशा से आने वाले कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराएंगे.

परंपरा और व्यवस्था दोनों पर रहेगा विशेष जोर

बैठक में प्रशासन और पूजा समिति ने श्रद्धालुओं से रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग की अपील की. समिति ने स्पष्ट किया कि सदियों से चली आ रही सभी धार्मिक परंपराओं और रस्मों का विधि-विधान के साथ निर्वहन किया जाएगा. रथयात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. बैठक में प्रमुख मनेन्द्र जामुदा, सीओ कप्तान सिंकू, मुखिया सुनीता तापे, नंदु कुमार पांडेय, राकेश दाश, गोवर्धन राउत, नयन नायक, प्रभाकर मंडल, शंभू मंडल सहित पूजा समिति के सदस्य एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sachindra Dash

Published by: Amleshnandan Sinha

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >