सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस दिलाए. थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी गौरव कुमार ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई.
15 महीने बाद मिला मोबाइल
खरसावां पुलिस ने 28 जनवरी 2025 में गुम हुए कुचाई के तुरीसाई गांव के करण हो के मोबाइल को बरामद कर वापस लौटाया. करण हो ने खरसावां पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि करीब 15 महीने पहले गुम हुए मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उन्हें अपना फोन वापस मिल गया.
अन्य लोगों को भी मिला मोबाइल
इसके अलावा, खरसावां के दिरीगोडा गांव के गुलगशान कालिंदी, दुरुसाई गांव के सुनील कुमार महतो, असुरा गांव के लक्ष्मण माझी का मोबाइल फोन पिछले वर्षर 2025 में गुम हुआ था, जबकि कांटाडीह के लखीराम टुडू का मोबाईल फोन जनवरी 2026 को गुम हुआ था. इन्हें भी खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने खोया हुआ फोन वापस किया.
थाना को सूचना देते हुए सिम कार्ड बंद कराएं : थाना प्रभारी
खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने आमजनों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें. CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर अपने मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक/ट्रेस कराएं. उन्होंने लोगों से मोबाईल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीम कार्ड को बंद कराते हुए नदा सिम कार्ड लेने की अपील की है, जिससे गुम हुए मोबाईल के सिम कार्ड का कोई गलत उपयोग न कर सके.
पुलिस के प्रति बढ़ा विश्वास
पांच-छह महीने तक मोबाइल का कोई पता नहीं चलने से लोग उम्मीद छोड़ चुके थे, लेकिन खरसावां पुलिस की सक्रियता से सभी को उनके मोबाइल वापस मिल गए. इससे लोगों का पुलिस पर भरोसा और सम्मान बढ़ा है. खरसावां थाना क्षेत्र में विगत तीन मई को भी पांच लोगों को गुम हुए मोबाइल वापस दिलाया गया था.
जिला पुलिस चला रही है ‘Project ‘Device’
सरायकेला-खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा ‘Project ‘Device’ लॉन्च किया गया है. इसके तहत आमजनों के गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है. गुम हुए मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल की सहायता से ट्रेस कर बरामद किया जा रहा है. साथ ही आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सही-सलामत सुपुर्द किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: नेतरहाट टनल रोड प्रोजेक्ट: विभाग को नहीं मिला कोई ‘योग्य’ कंसल्टेंट, अब नए सिरे से शुरू हुई विशेषज्ञों की तलाश!
यह भी पढ़ें: झारखंड शिक्षक नियुक्ति में बड़ी कार्रवाई की तैयारी: दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज, अयोग्य शिक्षकों की जाएगी नौकरी!
