खरसावां : अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद खरसावां के ग्रामीण इलाकों में चुलाई का कारोबार पूरी तरह थमता नहीं दिख रहा है. मंगलवार को पचगछिया, रहारबेड़ा और नारायणडीह में छापेमारी कर 70 लीटर महुआ चुलाई शराब और 15.60 लीटर अवैध बीयर जब्त करने के बाद बुधवार को मधुसाई में एक अवैध चुलाई अड्डा ध्वस्त किया गया. यहां से 5000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद हुई. दो दिनों में हुई कार्रवाई ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार की सक्रियता को फिर उजागर किया है.
हजारों किलो जावा महुआ, कितना बड़ा कारोबार?
मधुसाई में एक ही ठिकाने से 5000 किलो जावा महुआ की बरामदगी कई सवाल खड़े करती है. इतनी बड़ी मात्रा में कच्चे माल की मौजूदगी से यह जानना अहम हो जाता है कि शराब निर्माण के लिए जावा महुआ कहां से पहुंच रहा था और तैयार शराब की खपत किन इलाकों में की जानी थी. हालांकि प्रशासन ने किसी संगठित नेटवर्क की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मंगलवार की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए थे, जबकि एक फरार हो गया. इसके अगले ही दिन मधुसाई में बड़े पैमाने पर जावा महुआ मिलने से यह भी सामने आया कि केवल एक-दो ठिकानों पर कार्रवाई से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो रही है.
छापेमारी के बाद फिर सक्रिय हो जाते हैं ठिकाने
खरसावां के ग्रामीण इलाकों में महुआ चुलाई शराब का निर्माण लंबे समय से चुनौती बना हुआ है. शराब जब्त होने और चुलाई अड्डे ध्वस्त किए जाने के बावजूद अलग-अलग स्थानों से लगातार अवैध उत्पाद मिलने से कार्रवाई के प्रभाव और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठते हैं. शराब कहां बन रही है, कच्चा माल किस माध्यम से पहुंच रहा है और तैयार शराब की आपूर्ति कहां-कहां हो रही है, इन पहलुओं की पड़ताल जरूरी है.
सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर
उत्पाद विभाग ने मधुसाई में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. अड्डे को ध्वस्त कर बरामद अवैध उत्पाद जब्त किए गए और संचालक के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन की और से आम लोगों से अवैध शराब का सेवन नहीं करने तथा कारोबार की सूचना प्रशासन या उत्पाद विभाग को देने की अपील की है. इसके लिए सरायकेला एवं चांडिल क्षेत्र में 96316 85811 तथा आदित्यपुर अंचल क्षेत्र में 90313 80385 नंबर जारी किए गए हैं. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गयी है.
