खरसावां: कुचाई प्रखंड की तिलोपदा पंचायत अंतर्गत लैप्सो गांव में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को शानदार समापन हुआ. 48 टीमों के बीच खेले गए इस टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में जयराम एफसी ने मेजबान दीवाना क्लब लैप्सो को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया. पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं खरसावां विधायक दशरथ गागराई की धर्मपत्नी सह समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता जयराम एफसी को 70 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी तथा उपविजेता दीवाना क्लब लैप्सो को 50 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया.
तीसरे से छठे स्थान पर रहीं टीमों को भी नकद पुरस्कार दिया गया. समारोह को संबोधित करते हुए बासंती गागराई ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजनों से छुपी हुई प्रतिभाओं को निखरने का बेहतरीन मंच मिलता है. मौके पर मुखिया राम सोय, मुंडा मंजूरा सोय, मुन्ना सोय, राहुल सोय, घनश्याम सोय, गारदी सोय और आयोजन समिति के अध्यक्ष विशाल सोय सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित थे.
