मौसीबाड़ी में 9 दिवसीय जगन्नाथ रथ मेला का हुआ उद्घाटन

सरायकेला में 350 साल पुरानी परंपरा के साथ 9 दिवसीय जगन्नाथ रथ मेला शुरू हुआ. मेले में आस्था, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम देखने को मिल रहा है.

सरायकेला: श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर मौसीबाड़ी में आयोजित 9 दिवसीय रथ मेला का शनिवार को विधिवत उद्घाटन किया गया. मेला कमिटी के अध्यक्ष सह नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह सरायकेला आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला महंती ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर मेले का शुभारंभ किया.

350 वर्ष पुरानी है सनातन परंपरा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज चौधरी ने कहा कि यह मेला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सनातन धर्म की परंपरा का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि सरायकेला की श्री जगन्नाथ रथयात्रा 350 वर्ष पुरानी है.उन्होंने सरायकेला राजपरिवार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि राजपरिवार ने 350 वर्ष पूर्व महाप्रभु जगन्नाथ का मंदिर निर्माण कराकर रथयात्रा परंपरा की शुरुआत की थी और आज भी विधि-विधान के साथ इसका निर्वहन किया जा रहा है. श्री चौधरी ने इस परंपरा को निरंतर बनाए रखने के लिए सरायकेला राजपरिवार के प्रति आभार जताया.

आधुनिक स्वरूप में पहुंचा मेला

मनोज चौधरी ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले लालटेन और पेट्रोमेक्स की रोशनी में मेला लगता था. समय के साथ मेला का स्वरूप बदला है. आज 9 दिवसीय मेले को इस रूप तक पहुंचाने के लिए कमिटी को कई रुकावटों का सामना करना पड़ा.

उन्होंने कहा कि इस बार के मेले में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है. बुजुर्गों के लिए आस्था का केंद्र, महिलाओं के लिए मीना बाजार जैसा माहौल और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं. उन्होंने आम नागरिकों से मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की.

नए अध्यक्ष के कार्यकाल में हुई कई शुरुआतें

इस अवसर पर भोला महंती ने कहा कि 20-25 वर्ष पहले संसाधनों की कमी के कारण मेला छोटे स्तर पर आयोजित होता था. लेकिन आज आधुनिक दौर में वृहद स्तर पर आयोजन हो रहा है, इसमें मेला कमिटी की अहम भूमिका है. उन्होंने कहा कि मनोज चौधरी के अध्यक्ष बनने के बाद से गुंडीचा मंदिर परिसर में देव सभा का आयोजन भी शुरू हुआ है. श्री महंती ने नागरिकों से मेले में साफ-सफाई बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. उद्घाटन समारोह में उमेश भोल, अंजली राय, गोविंद साहू, रूपेश साहू, गौतम नायक सहित मेला कमिटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dheeraj Singh

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >