Seraikela Kharsawan News : जिले में अवैध खनन व परिवहन पर पूर्ण अंकुश लगायें : उपायुक्त

खनिज परिवहन में लगे वाहनों का परिचालन ढंक कर करना सुनिश्चित करायें

सरायकेला

. सरायकेला-खरसावां जिले में बालू व पत्थर के अवैध खनन व परिवहन पर अंकुश लगाने को लेकर गुरुवार को डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक हुई. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी ने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाएं. अवैध खनन या परिवहन की सूचना पर तत्काल छापामारी कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करें.

चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन पर 24 घंटे निगरानी रखें :

चांडिल अनुमंडल के मिलन चौक, तिरुलडीह चेकपोस्ट व अन्य स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को 24 घंटे तैनात करने को कहा, अवैध परिवहन पर नियंत्रण किया जा सके. उन्होंने चांडिल क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन पर विशेष निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने व उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये. उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि खनिज परिवहन में लगे वाहनों का परिचालन ढंक कर करना सुनिश्चित करायें.

स्टॉक यार्ड का निरीक्षण व जब्त बालू की नीलामी करें :

डीसी ने जिला खनन पदाधिकारी को स्टॉक बालू यार्डों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिये. अगर किसी यार्ड में अवैध भंडारण या बिना प्राधिकृत स्रोत के बालू संग्रहण पाया जाता है, तो कठोर कार्रवाई की जाये. बैठक में डीसी ने जब्त बालू की नीलामी प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया, जिससे राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित हो सके.

अवैध खनन की सूचना पर अविलंब कार्रवाई करें : एसपी

बैठक में एसपी मुकेश लुणायत ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र से अवैध खनन या परिवहन की सूचना मिलती है, तो अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी व थाना प्रभारी तत्काल संयुक्त कार्रवाई दल गठित कर पर्याप्त पुलिस बल व संसाधनों के साथ छापेमारी कर कार्रवाई करें.

सितंबर में 7.5 लाख घनफीट बालू जब्त, सात पर केस दर्ज

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि सितंबर, 2025 में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान में 07 ट्रैक्टर, 03 जेसीबी, 01 ट्रक, 09 हाइवा, 02 हाइड्रोलिक एक्सक्वेटर तथा 02 डंपिंग मशीन जब्त की गयी. इस क्रम में लगभग 7.5 लाख घन फीट बालू जब्त किया गया. छह वाहनों पर 2.45 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया. वहीं सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >