चांडिल : चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद मंगलवार को सड़क पर भारी वाहन दौड़ते नजर आए. प्रशासनिक आदेश की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और वाहनों को रोककर परिचालन पूरी तरह ठप करा दिया.
धूल के गुबार से स्कूली बच्चों का जीना मुहाल
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग पहले से ही अत्यंत जर्जर स्थिति में है. इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी रहने से सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो रही है. सबसे बड़ी समस्या इन वाहनों के गुजरने से उड़ने वाले धूल के गुबार से हो रही है. सड़क किनारे रहने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है तथा आंखों में जलन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
आदेश का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं, सख्ती से रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि जिला प्रशासन ने सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए ही प्रतिबंध का आदेश जारी किया था, लेकिन भारी वाहन चालकों द्वारा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ायी जा रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगायी जाए और तत्काल सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुगम बनाया जाए.
उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए और भारी वाहनों की अवैध आवाजाही बंद नहीं हुई, तो वे आगे भी सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
