चांडिल : नीमडीह में उस वक्त अफरातफरी मच गयी जब अचानक लोगों की नजर पेड़ से लटक रहे सड़े-गले शव पर पड़ी. शव देखते ही चीख-पुकार मच गयी. शव नीमडीह थाना अंतर्गत झिमरी-सांखा नदी अंडरपास के समीप झाड़ी में पेड़ से लटका मिला. मृतक की पहचान परमेश्वर डे (45) के रूप में हुई है. वह बोकारो के चंदनकियारी का रहने वाला है. जानकारी के अनुसार रविवार रात को स्थानीय लोगों को अंडरपास के समीप झाड़ी की ओर से तेज दुर्गंध आने लगी. संदेह होने पर कुछ ग्रामीण झाड़ी के अंदर गये, तो पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल नीमडीह थाना पुलिस को सूचना दी.
काम की तलाश में बेंगलुरु गया था परमेश्वर
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नीमडीह थाना परिसर पहुंचाया. शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था, जिसके कारण तत्काल मृतक की पहचान नहीं हो सकी. पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के बाद मृतक की पहचान परमेश्वर डे के रूप में हुई. बताया गया कि परमेश्वर मजदूरी का काम करता था. वह काम की तलाश में बेंगलुरु गया था, लेकिन वहां काम नहीं मिलने के बाद वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान वह लापता हो गया था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.
