Seraikela Kharsawan News : विजयादशमी पर सुरक्षा, स्वच्छता व समन्वय को लेकर डीसी ने की बैठक

सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में दुर्गापूजा एवं विजयादशमी पर्व की विधि-व्यवस्था और आवश्यक तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गयी.

सरायकेला.

सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में दुर्गापूजा एवं विजयादशमी पर्व की विधि-व्यवस्था और आवश्यक तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में डीसी ने कहा कि जिले में दुर्गापूजा एवं विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पूजा पंडाल का सत्यापन किया जाए, मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित तिथि व जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से हो, नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था की जाए, सभी पंडालों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्नि सुरक्षा उपकरण एवं सहायता केंद्र उपलब्ध हों, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था हो, अस्थायी शौचालय, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाए.

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधा से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किये जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्गापूजा व विजयादशमी का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो

धार्मिक व भक्ति गीत ही बजाये जायेंगे : एसपी

एसपी मुकेश लुणायत ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, दंगा-निरोधक वाहन, वाटर कैनन एवं अन्य सुरक्षा उपकरण तैनात किये जायेंगे. भीड़ नियंत्रण के लिए फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग एवं मॉकड्रिल होगी. डीजे व अश्लील गीतों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. केवल धार्मिक एवं भक्ति गीत ही बजाये जायेंगे. अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जायेगी. बैठक में निदेशक डीआरडीए डॉ अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, एसडीपीओ समीर सावैयां, एसडीओ निवेदिता नियती सहित अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >