सरायकेला : डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया, इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों व अंचलों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए. डीसी ने एक-एक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार, पारदर्शी एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
नवज्योति स्कूल के समीप सड़क एवं नाला निर्माण की मांग
जनता दरबार में दिव्यांगता के आधार पर यूडीआईडी कार्ड बनाने, चांडिल अंचल में पंजी-2 में ऑनलाइन प्रविष्टि एवं म्यूटेशन रिवीजन तथा वर्ष 1984 के सिख दंगा प्रभावित परिवारों को क्षतिपूर्ति दिलाने से जुड़े मामले सामने आए. साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के तहत आवास निर्माण में भूमि विवाद के कारण बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत भी की गई. गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में वर्ष 2022-23 के भुगतान की जांच तथा नवज्योति स्कूल के समीप वर्ष 2018 में प्रस्तावित सड़क एवं नाला निर्माण को पूरा कराने की मांग भी रखी गई.
कांड्रा-चांडिल जर्जर सड़क की निर्माण की मांग
चौका-चाईबासा और कांड्रा-चांडिल मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर सड़क निर्माण व मरम्मती की मांग, चौका थाना क्षेत्र में जमीन की जबरन मापी एवं खरीद-बिक्री के दबाव की शिकायत, आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-1 में नाली, पानी, लाइट और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मौजा आनंदपुर स्थित प्राचीन बाबा आश्रम के सौंदर्यीकरण से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए. उपायुक्त ने सभी मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर मामलों का निष्पक्ष एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
