Crime News: चांडिल के दिलीप गोराई हत्याकांड का खुलासा, पहली पत्नी के बेटे ने 65 हजार में दी थी हत्या की सुपारी, तीन को जेल

Crime News: सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल में स्टूडियो मालिक दिलीप गोराई हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पहली पत्नी के बेटे ने पिता की हत्या की सुपारी दी थी. तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.

Crime News: चांडिल (सरायकेला खरसावां),हिमांशु गोप-सरायकेला खरसावां पुलिस ने दिलीप गोराई हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मृतक दिलीप गोराई की पहली पत्नी के बेटे राकेश गोराई ने 65 हजार रुपए में अपने पिता की हत्या की सुपारी दी थी. एसडीपीओ अरविंद कुमार ने रविवार को अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि पुलिस ने तकनीकी और अन्य जानकारी के आधार पर हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

13 जनवरी को स्टूडियो मालिक की हुई थी हत्या


सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार निवासी स्टूडियो मालिक दिलीप गोराई (58 वर्ष) की गोली मारकर हत्या 13 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे उनके स्टूडियो में घुसकर बदमाशों कर दी थी. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग निकले थे. बदमाशों की तस्वीरें चांडिल बाजार की कई दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी थी.

सीसीटीवी फुटेज और फोटो के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस


सीसीटीवी फुटेज और मृतक दिलीप गोराई द्वारा घटना के वक्त ली गयी फोटो की मदद से दिलीप हत्याकांड को पुलिस ने सुलझा लिया है. दिलीप गोराई की हत्या उनकी पहली पत्नी के बेटे राकेश गोराई उर्फ पप्पू गोराई (30 वर्ष) द्वारा सुपारी देकर करायी गयी थी. राकेश उर्फ पप्पू गोराई ने अपने मुंहबोले भांजे जमशेदपुर के शूटर सुमित सोलंकी को 65 हजार रुपए में अपने पिता की हत्या की सुपारी दी थी. सुमित सोलंकी और उसके सहयोगी कैलाश कर्मकार ने हत्याकांड को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है. राकेश गोराई चांडिल बाजार हाटतोला गली के पास चिकन बेचता है.

ये भी पढ़ें: मंईयां सम्मान योजना का क्रेज, 58 लाख से अधिक हुए लाभुक, इस दिन आएगी जनवरी माह की किस्त

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >