सरायकेला: प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात ने प्रखंड के सभी कोटि के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व प्रधान शिक्षकों के लिए निर्देश जारी किया है.जारी निर्देश में यू - डायस पोर्टल पर आधार सत्यापित सभी विद्यार्थियों का अपार आईडी जनरेशन का कार्य अगले 3 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करने की बात कही है.बीइइओ ने कहा है कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं करने वाले विद्यालय के प्रधानाध्यापक व प्रधान शिक्षक इसके लिए जिम्मेवार होंगे.
इस संबंध में जानकारी देते हुए बीइइओ ने कहा अपार आईडी किसी भी बच्चे का शैक्षणिक रिकॉर्ड होता है.इसके माध्यम से कोई भी बच्चा कहीं से भी अपने शैक्षणिक उपलब्धियों को देख सकता है.कहा कि यह कार्य भारत सरकार एवं झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देशानुसार अत्यंत महत्वपूर्ण है.
सभी प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विद्यालय निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत अपार आईडी जेनरेशन सुनिश्चित करेंगे. निर्धारित अवधि के बाद यदि किसी विद्यालय में कार्य अपूर्ण पाया जाता है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक व प्रधान शिक्षक की होगी. इस संबंध में बीइइओ ने सभी सीआरपी व बीआरपी के लिए भी निर्देश की प्रतिलिपि जारी कर समय पर कार्य पूर्ण कराने की बात कही है.
