Seraikela Kharsawan News : कार्यशैली में सुधार लाएं शाखा प्रबंधक किसानों के आवेदन को निरस्त न करें : डीसी

सरायकेला. कृषि, पशुपालन, गव्य विकास व मत्स्य सहित अन्य विभागों की हुई समीक्षा

सरायकेला. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि समेत पशुपालन, गव्य विकास, मत्स्य, उद्यान, भूमि संरक्षण व सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा हुई. बैठक में उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2024-25 व 2025-26 में स्वीकृत योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति की जानकारी हासिल की. बैठक में डीसी ने विभागीय पदाधिकारियों को निर्धारित समय के अनुरूप लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया.

बैठक में डीसी ने कहा कि कृषि विभाग अंतर्गत एटीएम व बीटीएम के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाय ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लायी जाएं. उन्होंने कृषक समूहों का गठन कर चयनित किसानों को प्रशिक्षण के लिए भेजने व योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने पंचायत व ग्राम स्तर पर योजनाओं का दीवार लेखन कराएं जाने का भी निर्देश दिया, जिससे किसानों को योजनाओं के बारे में जानकारी मिल सके.

जनवरी में लगेगा किसान मेला

उपायुक्त ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर जनवरी 2026 में जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित करने का निर्देश दिया. साथ ही मेला में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. डीसी ने अफीम की खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रेरित किया व आवश्यक तकनीकी और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा.

किसानों को केसीसी का लाभ दें:

डीसी ने बैठक में केसीसी कार्ड के अलावे अन्य कृषि यांत्रिक उपकरणों जैसे रबर राइस थ्रेसर, आटा व राइस मिल के लिए किसानों को बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि सभी शाखा प्रबंधक अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं, किसानों के आवेदन अनावश्यक रूप से निरस्त न करें व सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता व उत्तरदायित्व का परिचय दें. उन्होंने कृषि भूमि का नमूना संग्रहित कर जांच कार्य में तेजी लाने को कहा. सभी पंचायतों से मिट्टी के नमूने एकत्र कर जांच के आधार पर किसानों को उनकी भूमि की गुणवत्ता के अनुरूप उपयुक्त फसलों की जानकारी उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया.

फूल, केला, स्ट्रॉबेरी खेती के लिए किसानों को करें प्रोत्साहित :

डीसी ने मत्स्य व उधान विभाग की समीक्षा करते हुए किसानों को फूल, केला, अदरक, स्ट्रॉबेरी, ऑल-मिर्चा खेती के लिए प्रेरित करने व इच्छुक किसानों से आवेदन प्राप्त कर योजनाओं से लाभान्वित करने को कहा. सभी कोल्ड स्टोरेज इकाइयों को सक्रिय करने के लिए सकारात्मक पहल की जाए, ताकि किसानों को अपने उत्पादों को भंडारित करने में परेशानी नहीं हो.

धान अधिप्राप्ति के लिए केंद्रों की सूची जल्द भेजें :

डीसी ने बैठक में धान अधिप्राप्ति केंद्रों की संख्या में वृद्धि के लिए गोदाम क्षमता वाले केंद्रों की सूची तैयार कर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया. मौके पर डीडीसी सुश्री रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल, जिला मत्स्य पदाधिकारी रोशन कुमार समेत अन्य उपस्थित थे.

योजनाओं का कार्यान्वयन समय-सीमा में सुनिश्चित करें

सरायकेला. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को आत्मा शासकीय निकाय की बैठक हुई. बैठक में आत्मा अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं का कार्यान्वयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए व इसके लिए जिला स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धी हासिल करने हेतु कार्य करें. उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषकों की सहभागिता बढ़ाने तथा सभी क्रियान्वयन एजेंसियों के मध्य समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया. बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत रबि सत्र में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गयी. रबी फसलों से संबंधित गतिविधियां क्लस्टर एप्रोच के माध्यम से संचालित की जाएं, जिससे योजनाओं का अधिकतम लाभ कृषकों तक पहुंच सके तथा उत्पादन में वृद्धि हो. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल, उप निदेशक आत्मा विजय कुमार समेत अन्य पदाधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >