पालना डैम में डूबा बिहार का युवक, हुई मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप

चांडिल के पालना डैम में नहाने के दौरान बिहार के युवक की संदिग्ध मौत. परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस मामले की जांच में जुटी.

चौका थाना क्षेत्र स्थित पालना डैम में नहाने के दौरान बिहार के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई. घटना रविवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है. मृतक की पहचान बिहार के कैमूर जिला निवासी अभिषेक सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके साथ आए दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है. मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुट गई है.

पिकनिक मनाने पालना डैम आया था अभिषेक

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक सिंह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने और पिकनिक मनाने के उद्देश्य से पालना डैम आया था. सभी दोस्त डैम में नहा रहे थे. इसी दौरान अभिषेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके साथ मौजूद दोस्तों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए तमाड़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और अभिषेक के साथ आए दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पालना डैम में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग घूमने और नहाने के लिए पहुंचते हैं. गहरे पानी और सुरक्षा इंतजामों के अभाव के कारण यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं. ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Himanshu gope

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >