बड़ाबांबो: आमदा ओपी क्षेत्र के बड़ाबाम्बो चौक के समीप देर रात फायरिंग और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में खरसावां के पोटोबेड़ा निवासी निरंजन दास और खमारडीह निवासी सुनील साहू शामिल हैं. पुलिस ने निरंजन दास के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है, जिसमें एक गोली फंसी हुई थी. इसके अलावा दोनों के पास से दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और एक बाइक जब्त की गयी है. मामले की जानकारी गुरुवार को सरायकेला थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरायकेला अंचल के इंस्पेक्टर राजेश टुडू और आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने दी.
फायरिंग व गाली-गलौज की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब 1.20 बजे सूचना मिली कि बड़ाबाम्बो चौक के पास दो युवक फायरिंग करने के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी. टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे. इसके बाद पुलिस बल ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया.
कट्टा खोलने पर फंसी मिली गोली, दो मोबाइल व वाहन जब्त
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली, तो निरंजन दास के पास से देसी कट्टा बरामद हुआ. कट्टा खोलकर जांच करने पर उसमें एक गोली फंसी हुई मिली. उसके पास से एक रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया. वहीं, सुनील साहू के पास से भी रियलमी मोबाइल फोन मिला. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और एक बाइक को जब्त कर लिया है.
सुनील साहू का आपराधिक इतिहास, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुनील साहू का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस अब फायरिंग के पीछे के कारण और घटना के दौरान किन परिस्थितियों में गोली चलायी गयी, इसकी जांच कर रही है. मामले में खरसावां थाना कांड संख्या 48/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
