सरायकेला. झारखंड की राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान राज्य की विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई.
बैठक में खूंटी बाइपास के शीघ्र निर्माण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया. अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाइपास के निर्माण से खूंटी शहर में यातायात का दबाव कम होगा, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा तथा आम लोगों के लिए आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा.
चर्चा के दौरान यह भी बताया गया कि खूंटी बाइपास परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी. इसके निर्माण से खूंटी सहित आसपास के आदिवासी क्षेत्रों की बेहतर सड़क संपर्क व्यवस्था विकसित होगी. साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी.
बैठक में झारखंड की अन्य लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. अर्जुन मुंडा ने इन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित हो सके.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुई बैठक में झारखंड में सड़क अवसंरचना के समग्र विकास तथा लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने को लेकर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने राज्य में बेहतर सड़क संपर्क व्यवस्था को विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से भी मिले अर्जुन मुंडा
पूर्व केंद्रीय मंत्री सह बीजेपी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं. मंगलवार को अर्जुन मुंडा ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल जी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जनजातीय समाज के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई. विशेष रूप से जनजातीय समुदायों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि देशभर के जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के प्रयासों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सके.
