आदित्यपुर: खरकई के बढ़ते जलस्तर से क्षेत्र में स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. ईचा गालूडीह कॉम्प्लेक्स (बाढ़ नियंत्रण कक्ष) द्वारा 19 अगस्त की रात 2 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी खतरे के निशान 129 मीटर से 6.73 मीटर ऊपर यानी 135.73 मीटर पर बह रही है. हालांकि, राहत की बात यह है कि जलस्तर का रुझान अब घटने की ओर है. उधर, सरायकेला स्थित गंजिया बैराज का जलस्तर 140.10 मीटर दर्ज किया गया है.
जल निकासी के लिए बैराज के सभी 15 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं, जिससे 6,387.24 क्यूमेक्स पानी का डिस्चार्ज हो रहा है. स्थिति को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) व सरायकेला-खरसावां के उपायुक्तों (DC) तथा जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंताओं को त्वरित सुरक्षात्मक कदम उठाने हेतु अलर्ट भेज दिया है. तटीय एवं निचले इलाकों में सतर्कता बरतने की अपील की गयी है.
