Seraikela Kharsawan News : अफीम की अवैध खेती करने वालों पर होगी कार्रवाई : एसपी

सरायकेला-खरसावां पुलिस ने जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए ‘प्री कल्टीवेशन ड्राइव’ की शुरुआत की है.

सरायकेला.

सरायकेला-खरसावां पुलिस ने जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए ‘प्री कल्टीवेशन ड्राइव’ की शुरुआत की है. अभियान का उद्देश्य खेती शुरू होने से पहले ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक करना है. इससे अवैध खेती पर रोक लगेगी. अभियान के तहत गुरुवार को कुचाई थाना क्षेत्र के सियाडीह, गिलुआ और रोलाहातु गांव व स्कूल में जागरुकता अभियान चलाया गया. इसी तरह खरसावां थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव और चौका थाना क्षेत्र के बलीडीह गांव में विशेष कार्यक्रम किये गये.

ग्रामीणों को बताया अफीम की खेती का दुष्प्रभाव

कार्यक्रम में स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधान बताये गये. उन्हें वैकल्पिक खेती और पशुपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. पिछले फसलीय वर्ष 2024-25 में पुलिस ने जिले में कुल 678.96 एकड़ भूमि पर अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया था. इस बार पंचायतवार जागरुकता अभियान चलाकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं और सिविल सोसाइटी की भी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी.

अफीम व गांजा की खेती न करें ग्रामीण : एसडीपीओ

चौका. ईचागढ़ थाना परिसर में गुरुवार को एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने पंचायत के मुखियों के साथ बैठक कर अफीम (पोस्ता) व गांजा की खेती रोकथाम के लिए जागरूक किया. इस दौरान एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने अफीम व गांजा के दुष्प्रभाव व संबंधित कानूनी प्रावधान की जानकारी दी. अफीम व गांजा के स्थान पर वैकल्पिक खेती करने का निर्देश दिया. थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष अफीम की खेती करने पर 6 लोग जेल जा चुके हैं. इस वर्ष अफीम एवं गांजा की खेती करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >