सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले में विद्यालय चले चलायें अभियान के तहत विद्यालय से बाहर रह रहे जिले के छह से 14 वर्ष तक के 14,115 अनामांकित बच्चों को निकटतम विद्यालयों में नामांकन कराने का लक्ष्य है. जबकि विद्यालय चले चलायें अभियान के तहत जिले में चलाए जा रहे कार्यक्रम व नामांकन के आधार पर 25 अप्रैल तक प्राप्त नामांकन रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 11,619 अनामांकित बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है.
जो कि लक्ष्य का 82 फीसदी है. विद्यालयों में बच्चों के कराये गये नामांकन के आधार पर अब तक सबसे अधिक नामांकन ईचागढ़ प्रखंड में हुआ है. जहां कुल 2,110 बच्चों का नामांकन कराया गया है. दूसरे नंबर पर चांडिल प्रखंड है, जहां अब तक 2065 बच्चों का नामांकन कराया गया है. सबसे कम नामांकन गम्हरिया प्रखंड में हुआ है. जहां अब तक मात्र 534 बच्चों का नामांकन कराया गया है. नामांकन सूची के अनुसार अनुसूचित जाति के 965, अनुसूचित जनजाति के 5,369, मुसलिम अल्पसंख्यक के 438 व अन्य वर्ग में 4,847 बच्चों का नामांकन किया जा चुका है.
