सरायकेला : सरायकेला- कांड्रा सड़क पर चाडरी डुगरी के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों के मौत होने से उनके गांव जुरगुड़िया में सन्नाटा छा गया है. मृत्तक का परिवार पहले हुई एक मौत से उबरा नहीं था कि तीन लोगों की मौत से विपत्ति का पहाड़ ही टूट गया. […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
सरायकेला : सरायकेला- कांड्रा सड़क पर चाडरी डुगरी के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों के मौत होने से उनके गांव जुरगुड़िया में सन्नाटा छा गया है. मृत्तक का परिवार पहले हुई एक मौत से उबरा नहीं था कि तीन लोगों की मौत से विपत्ति का पहाड़ ही टूट गया. गौरतलब है कि नंदु किस्कू की पत्नी की मौत लगभग आठ दिन पहले हो गयी थी.
जिसका श्राद्ध कर्म शनिवार को है. नंदु किस्कू अपने परिवार के सीताराम किस्कू, टयुब किस्कू, सामु किस्कू अपने साला रामदास टुडू, समीर किस्कू, सिकडू हेंब्रम व अंतु किस्कू के साथ रजरप्पा मंदिर बोलेरो से जा रहे थे. नंदु किस्कू की पत्नी की मौत होने के कारण उसकी अस्थि कलश को रजरप्पा में प्रवाहित होने वाली नदी में विसर्जन करना था परंतु सरायकेला से बीस किमी की दूरी पर ही बोलेरो वाहन खड़े ट्रक से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
दुर्घटना की खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार पर मानो पहाड़ ही टूट गया है. मृत्तक के परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों का भी रो- रो कर बुरा हाल था.
मृत्तकों में नंदु का साला भी शामिल: सड़क दुर्घटना में हुई मौत में नंदु किस्कू का साला रामदास टुडु भी शामिल है. मृत्तक रामदास अपनी बहन की मृत्यु पर जुरगुड़िया गांव आया हुआ था. चूंकि नंदु की पत्नी का शनिवार को श्राद्ध कर्म होना था इसलिए रामदास अपनी बहन के घर आया था.
गांव में श्राद्ध कर्म के लिए लगे हुए हैं टेंट:
नंदु किस्कू की पत्नी की मौत होने के कारण शनिवार को श्राद्ध कर्म होना था. जिसके लिए टेंट भी लगाये गये थे. अस्थि विसर्जन के पश्चात ही श्राद्ध कर्म करना था परंतु अस्थि विसर्जन करने जाते समय ही दुर्घटना हो गयी.
घटना की खबर सुन पहुंचे विधायक चंपई सोरेन: घटना की खबर सुन कर सरायकेला विधायक चंपई सोरेन सरायकेला पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर जानकारी हासिल की. विधायक सोरेन ने मृत्तक के परिजनों से मिल कर घटना के संबंध में जानकारी हासिल की और घटना को अति दुखद करार दिया. पोस्टमार्टम के पश्चात विधायक सोरेन ने गांव में जाकर शोक संतप्त परिजनों से मिल कर संवेदना प्रकट की.
भाजपा नेता गणेश महाली शोकाकुल परिजनों से मिले: भाजपा नेता गणेश महाली भी सरायकेला पहुंच कर शोकाकुल परिजनों से मिले और ढाढ़स बंधाया. भाजपा नेता महाली ने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी हासिल की और शोक संवेदना प्रकट की. मौके पर कई भाजपा नेता भी उपस्थित थे.