खरसावां : खरसावां के सामुदायिक भवन में शहीद समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष विमल हाईबुरु की अध्यक्षता में शनिवार को संपन्न हुई. बैठक में मुख्य रुप से खरसावां गोलीकांड में शहीद हुए लोगों के परिजनों की तलाश के लिए जिला प्रशासन की ओर किये जा रहे सार्थक प्रयास का स्वागत करते हुए समिति ने इस मामले में जिला प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है. बैठक में कहा गया कि समिति की ओर से पिछले दिनों खरसावां गोलीकांड में शहीद हुए लोगों में 60 लोगों की सूची सौंपी गयी है.
समिति ने सरकार से आगामी एक जनवरी को खरसावां गोलीकांड के शहीदों के आश्रित को सरकारी स्तर पर सम्मानित करने की मांग की है.
विमल हाईबुरु ने कहा कि विगत एक जनवरी 2014 को खरसावां शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शहीदों के आश्रितों को सरकारी सम्मान व एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की थी. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस घोषणा को एक जनवरी 2016 को पूरा करने की मांग की है. साथ ही एक जनवरी को खरसावां शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरुप पूरे राज्य में शोक दिवस के रूप में मनाने, खरसावां गोली कांड की घटना को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी की है. श्री हाईबुरु ने कहा कि खरसावां गोली कांड के शहीदों के आश्रितों को सम्मानित करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. समिति की अगली बैठक 26 दिसंबर को रखी गयी है.
बैठक में मुख्य रुप से गोपी हेंब्रम, रांदो दिग्गी, सुखमती हेंब्रम, रघुनाथ पांडेया, बुधराम सांडिल, लीटा हेंब्रम, तुरी सोय, जगदिश मेलगांडी, शिव चरण महतो, साधुचरण तियु, रामराय बोदरा, मधुसुदर महतो, मानकी मुंडा, उदय बांकिरा, शरद कुमार दास, इंद्र दास, सुरली बोदरा, घनश्याम डांगील, डिबार डांगील, साधो बोदरा, दुंबी बोदरा, पांडू गोप, बाबूलाल गोप, मकरु गोप उपस्थित थे.
