आदित्यपुर : खूंचीडीह (चांडिल) स्थित कोहिनूर स्टील प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन ने अपने मृत कर्मचारी वाइ जगदीश राव के परिजनों को चार लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जतायी है. यह ईचागढ़ विधायक साधु चरण महतो व पोटका विधायक मेनका सरदार के प्रयास से संभव हो पाया.
श्री महतो के आवास पर गुरुवार को मुआवजा हेतु समझौता वार्ता हुई. इसमें निर्णय हुआ कि कंपनी चार लाख रुपये सितंबर के पहले मुआवजा के रूप में देगी. इसके अलावा 50 हजार रुपये का तत्काल सहयोग अंतिम संस्कार के लिये किया गया. श्री महतो ने कहा कि साथ ही अन्य सरकारी सुविधाएं भी दिलाने का प्रयास किया जायेगा.
वार्ता में विधायक श्री महतो के साथ भाजपा नेता गणोश महाली, संदीप शर्मा, अरुण मिश्र, नागेश राव, ललन यादव, बंटी, अशोक मिश्र, मृतक के रिश्तेदार वाइ गोविंद राव, वाइ तारकेश, पी प्रकाश नायडू, पी रमण मूर्ति, बीएम नायडू, कंपनी प्रबंधन की ओर से शेखर सोनी, प्रवीर घोष, धनंजय उपाध्याय समझौता वार्ता में भाग लिये. विदित हो कि कीताडीह (पोटका) निवासी वाइ जगदीश राव चार सालों से उक्त कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था. 20 जुलाई को शाम 5 बजे करंट लगने से उसकी मौत हो गयी थी.
