सरायकेला : सरायकेला पुलिस ने आम आदमी पार्टी के प्रदेश महामंत्री प्रेम कुमार व चंदन कुमार को 21 लाख रुपये के साथ हिरासत में लिया है. जानकारी के मुताबिक प्रेम कुमार 21 लाख रुपये बैग में लेकर कोर्ट परिसर में घुस रहे थे. मुख्य गेट पर पुलिस चेकिंग कर रही थी. उसने प्रेम कुमार के बैग को चेक किया, तो उसमें 21 लाख रुपये मिला. मुख्य गेट के पुलिस अधिकारी ने इसकी सूचना सरायकेला थाना प्रभारी अविनाश कुमार को दी. उन्होंने वरीय अधिकारियों को सूचना दी. साथ ही प्रेम कुमार को हिरासत में ले लिया.
थाना प्रभारी की सूचना पर आयकर विभाग के उपनिदेशक राकेश कुमार पांडे अपनी टीम के साथ सरायकेला थाना पहुंचे. टीम प्रेम कुमार से पूछताछ कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि आयकर विभाग के निर्देश पर राशि जब्त कर ली गयी है. आयकर विभाग के निर्देश पर राशि रिलीज की जायेगी.
इधर श्री पांडे ने बताया कि 21 लाख रुपये नकद की जांच चल रही है कि आखिर इतनी बड़ी राशि कहां से आयी. विभाग उनसे सटीक जानकारी प्राप्त करेगी. उन्होंने जांच के पश्चात विभाग द्वारा आगे कार्रवाई किये जाने की बात कही.
