सरायकेला : जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षिकाओं की नियुक्ति की औपबंधिक सूची सोमवार 11 जून को जारी होगी. इसे जिले की वेबसाइट (www.saraikela.nic) पर अपलोड कर दिया जाएगा, जहां से आवेदक अभ्यर्थी उसे देख सकते हैं. जिला शिक्षा अधीक्षक फूलमनी खलखो ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सर्वशिक्षा अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के रूप में विज्ञान शिक्षक के तीन, गणित के एक, भाषा शिक्षक के तीन, सामाजिक विज्ञान के एक, शारीरिक शिक्षक के तीन पदों एवं रसोइया के दो व चौकीदार के चार पदों पर संविदा के आधार नियुक्ति करनी है.
इसके लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के पश्चात मेधा सूची जारी की गयी है, जिसकी औपबंधिक सूची सोमवार को जिले की बेबसाइट पर अपलोड की जाएगी. ज्ञात हो कि शारीरिक शिक्षक के तीन पदों के विरुद्ध एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि औपबंधिक सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थी जारी सूची पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. इसके बाद शिक्षिकाओं की नियुक्ति की जाएगी.
