खरसावां: ऑटो ने बाइक सवार को ठाेकर मारी, बढ़ा विवाद
रात्रि गश्ती पर निकले एसपी ने खरसावां थाना पहुंच कर पूरे मामले की ली जानकारी
खरसावां : खरसावां के बेहरासाही में सोमवार की रात हुई मारपीट के आरोप में पुलिस ने मंगलवार की सुबह चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. खरसावां पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेहरासाही के राजू मिश्रा को सोमवार देर शाम एक ऑटो ने धक्का मार दिया. ऑटो के धक्के से राजू मिश्रा को चोट लग गयी. इस बात को लेकर राजू मिश्रा के भाई मुकेश मिश्रा व ऑटाे चालक के बीच नोक-झोंक हो गयी. इसी दौरान ऑटो चालक के तीन साथियों ने मुकेश मिश्रा से मारपीट की. इसके बाद दोनों गुट अामने-सामने हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद खरसावां थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा तत्काल घटनास्थल पर पहुंच कर मामले को शांत कराया. इस दौरान रात्रि गश्ती पर निकले एसपी चंदन सिन्हा भी खरसावां थाना पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी ली.
एसपी ने थाना प्रभारी को कार्रवाई का निर्देश दिया. खरसावां पुलिस ने इस मामले में मुकेश मिश्रा के बयान पर बेहरासाही के चार युवक मो माहिर, मो तबरेज, अब्दुल हाकिम व मो परवेज के खिलाफ मामला दर्ज सोमवार की रात ही गिरफ्तार कर लिया. मंगलवार की सुबह चारों को जेल भेज दिया गया है. बुधवार को खरसावां थाना परिसर में दोपहर चार बजे शांति समिति की बैठक रखी गयी है.
