खरसावां की दलाईकेला पंचायत का मामला
बीड़ी मजदूरों को मिल चुकी है आवास निर्माण की स्वीकृति
खरसावां : खरसावां प्रखंड अंतर्गत दलाईकेला पंचायत के 36 बीड़ी मजदूर आवास के लिए छह माह के प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं. बीड़ी मजदूरों ने बताया कि केंद्र सरकार के श्रम व रोजगार मंत्रालय के निर्देश पर आवास के लिए दलाईकेला पंचायत में सर्वे व ग्रामसभा कर लाभुकों का चयन किया गया. बावजूद अब तक 36 लाभुकों को आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है. आवास के लिए छह माह से प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रहे है, लेकिन कुछ नहीं हो रहा. सोमवार को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रेमेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में दलाईकेला के बीड़ी मजदूरों ने बीडीओ के नाम प्रधान लिपिक को ज्ञापन सौंप कर जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि छह माह पूर्व आवास के लिए तैयार की गयी सूची अब तक विभाग को नहीं भेजी गयी है.
सरकारी कर्मचारियों की लापरवाही के कारण ही दलाईकेला के बीडी मजदूरों को अब तक आवास नहीं मिल सका है. मिश्रा ने कहा कि सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर जल्द आवास उपलब्ध नहीं कराया गया, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी. मौके पर तनुज प्रधान, मधुसूदन प्रधान, प्रदीप प्रधान, सपनेश्वर प्रधान, सुजीत प्रधान, अविनाश प्रधान, पुरजेन प्रधान, सुज्ञानी प्रधान, जन्मेजय प्रधान, कमल प्रधान, तापस प्रधान आदि बीड़ी मजदूर मौजूद थे.
