खरसावां व पद्मपुर में नम आंखों से दी गयी मां काली को विदाई
सात दिनों में 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माथा टेका
खरसावां : खरसावां, पद्मपुर व बुढ़ीतोपा में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार शाम स्थानीय जलाशयों में विधिवत कर दिया गया. भक्तों ने मां काली को नम आखों से विदा दी. मां काली की जयकारे के साथ सभी पंडालों के आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिमा को स्थानीय जलाशयों में विसर्जित किया. खरसावां के सरकारी दुर्गापूजा समिति, पद्मपुर कालीपूजा समिति, बुढ़ीतोप कालीपूजा समिति की ओर से स्थापित मां काली की प्रतिमाओं को भक्तों ने कंधों पर लेकर क्षेत्र में घुमाया. खरसावां में विसर्जन जुलूस सादगी के साथ निकाला गया. वहीं पद्मपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान पांच हजार से अधिक लोग मौजूद थे.
यहां आदिवासी समुदाय के लोगों ने माता की पूजा के बाद नृत्य किया. इसके बाद प्रतिमा को बाहर निकाला गया. ग्रामीणों के रंग-गुलाल उड़ाने तथा ढोल-नगाड़ा बजा कर नाचते हुए जलाशय ले जाया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात थे. मौके पर लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे पाने के लिये भक्त काफी आतुर दिखे. सात दिनों के दौरान पद्मपुर काली मंदिर में सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने मां काली की पूजा की. एक आकलन के मुताबिक सात दिनों के दौरान पद्मपुर काली मंदिर में 70 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे.
