जिले के चार केंद्र बनेंगे मॉडल स्वास्थ्य केंद्र

चारों केंद्रों के भवन बनकर तैयार, लगेंगी आधुनिक मशीनें ग्रामीणों की भी होगी बेहतर चिकित्सा, रेफर से मिलेगी मुक्ति दो-तीन महीने में शुरू हो जाएंगे सभी मॉडल स्वास्थ्य केंद्र सरायकेला : जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए चार स्वास्थ्य उप केंद्रों को अपग्रेड कर मॉडल स्वास्थ्य […]

चारों केंद्रों के भवन बनकर तैयार, लगेंगी आधुनिक मशीनें

ग्रामीणों की भी होगी बेहतर चिकित्सा, रेफर से मिलेगी मुक्ति
दो-तीन महीने में शुरू हो जाएंगे सभी मॉडल स्वास्थ्य केंद्र
सरायकेला : जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए चार स्वास्थ्य उप केंद्रों को अपग्रेड कर मॉडल स्वास्थ्य केंद्र बनाया जायेगा. इन मॉडल स्वास्थ्य केंद्रों में सभी अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया करायी जायेंगी ताकि वहां मरीजों का समुचित इलाज हो और रेफर की समस्या से निजात मिले. इसके तहत दो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व दो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को मॉडल स्वास्थ्य केन्द्र बनाया जा रहा है.
जिले में राजनगर प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चालियामा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोविंदपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जामबनी व सुदूरवर्ती कुचाई प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र जिलिंगदा को अपग्रेड कर मॉडल स्वास्थ्य केन्द्र बनाया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग इन चार मॉडल स्वास्थ्य केन्द्रों को जल्द से जल्द शुरू कराने की तैयारी में जुट गया है.
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की पहल, आधुनिक होंगे केंद्र
इन चारों उपकेन्द्रों में मॉडल स्वास्थ्य केन्द्र के अनुरूप वृहत भवन बनकर तैयार हो गये हैं, जिनमें सभी आधुनिक मशीनें तथा अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराये जायेंगे, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिल सके. इसके तहत चारों मॉडल स्वास्थ्य केन्द्रों में ऑपरेशन थिएटर, प्रसव के लिए आधुनिक लेबर रूम व अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसके अलावा सभी केन्द्रों में 24 घंटे बिजली व पानी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी.
भविष्य में आदर्श अस्पताल बनेंगे ये केंद्र
इन मॉडल स्वास्थ्य केन्द्रों को भविष्य में जिले के आदर्श अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा. इसके लिए सभी मॉडल स्वास्थ्य केन्द्रों में 24 घंटे चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी ताकि मरीजों का बेहतर इलाज हो. इन चारों स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को छोटी-मोटे इलाज के लिए जिला या सदर अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
जिले में चार मॉडल स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए भवन निर्माण का कार्य पूरा हो गया है. मॉडल स्वास्थ्य केन्द्रों में आधुनिक व आवश्यक मशीनें एवं अन्य संसाधनों के लिए विभागीय पहल की गयी है. संसाधनों की पूरी व्यवस्था हो जाने के बाद चारों मॉडल अस्पताल शुरू हो जाएंगे. आगामी दो-तीन महीनों में ये केन्द्र चालू हो जाएंगे, जिसके बाद ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने लगेगी.
डॉ एपी सिन्हा,सिविल सर्जन,सरायकेला खरसावां

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >