झूले के खेल में थम गयी 10 साल के गोलू की सांस, रस्सी गले में फंसने से दर्दनाक मौत

सरायकेला में खेलने के दौरान एक 10 वर्षीय बच्चे की दुखद मौत हो गई. झूले से गिरने के दौरान प्लास्टिक की रस्सी उसके गले में फंस गई, जिससे उसकी सांसें थम गईं. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

सरायकेला : सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नं- 2 से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. खेलने के दौरान गले में रस्सी लिपट जाने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मृतक की पहचान धर्मशाला मोड़ के समीप पंजाब नेशनल बैंक के पास के रहने वाले तापस सिंह मोदक के पुत्र रुद्र सिंह मोदक उर्फ गोलू (10) के रूप में हुई है.

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद गोलू की दादी उसे लेकर सदर अस्पताल सरायकेला पहुंची. यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच में जुट गई है. घटना शनिवार की दोपहर 12:30 बजे की बताई जा रही है.

जमीन पर बेसुध पड़ा था गोलू

मिली जानकारी के अनुसार, गोलू रोज की तरह शनिवार को भी अपने घर के बाड़ी की ओर खेलने के लिए गया था. घर के अंदर उसकी दादी मौजूद थी. कुछ देर तक जब गोलू घर नहीं लौटा तो उसकी दादी उसे देखने के लिए बाड़ी की ओर गई. वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. गोलू जमीन पर बेसुध अवस्था में पड़ा था और उसके गले में कार्टून बांधने वाली प्लास्टिक की रस्सी लिपटी हुई थी. परिजन आनन-फानन में उसे उठाकर सदर अस्पताल सरायकेला लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार गले में रस्सी का दबाव बढ़ने से दम घुटने के कारण बच्चे की मौत हुई है.

दो भाइयों में छोटा था गोलू

बताया जा रहा है कि गोलू दो भाइयों में सबसे छोटा था और काफी चंचल स्वभाव का था. उसकी मां का देहांत पहले ही हो चुका है, जिसके बाद उसकी देखभाल उसकी दादी ही करती थी.घटना के बाद दादी का रो-रो कर बुरा हाल है.इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को सचेत किया है. सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि खेल खेल में दुर्घटना घटी है. बच्चा घर के बाहर बांस में रस्सी के सहारे झूला बनाकर झूल रहा था. उन्होंने बताया कि झूलने के क्रम में गिरने से रस्सी उसके गले में फंस गई होगी. इसससे दबाव पड़ने से उसकी मौत हो गई .उन्होंने कहा - पुलिस हर बिन्दु की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dheeraj Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >