जयनगर से राजेश सिंह की रिपोर्ट
कोडरमा: कोडरमा के जयनगर प्रखंड के कंद्रपडीह पंचायत अंतर्गत केटीपीएस के एशपौंड से सटे खेडोबर गांव में वर्षों से नवसृजित प्राथमिक विद्यालय संचालित है. विद्यालय का दो मंजिला भवन भी बना हुआ है और सरकारी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, लेकिन स्कूल तक पहुंचने के लिए आज तक संपर्क पथ का निर्माण नहीं हो पाया है.
विद्यालय के एक ओर केटीपीएस का रिंग रोड और दूसरी ओर गांव की पक्की सड़क है. इसके बावजूद पक्की सड़क से स्कूल तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं है. बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है. विद्यालय परिसर और रास्ते में पानी जमा हो जाने से शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दौरान बच्चों को पानी और कीचड़ से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है. इससे छोटे बच्चों के कपड़े खराब होने के साथ उनके फिसलकर गिरने का खतरा भी बना रहता है. कई बार अभिभावकों को भी बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने में परेशानी होती है.
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय तक संपर्क पथ की समस्या वर्षों पुरानी है. कई बार इस समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से विद्यालय तक जल्द संपर्क पथ का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बच्चों और शिक्षकों को बरसात के दिनों में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
