Santali Language Education : शैक्षणिक सत्र 2026–27 में आर-वन, आर-टू और आर-थ्री के रूप में संताली भाषा की पेशकश को लेकर संबद्ध स्कूलों से जानकारी ली जा रही है. इसकी पढ़ाई निजी स्कूलों में होगी. यह सीबीएसइ, क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के निर्देशानुसार होगा. इसी क्रम में डीपीएस, रांची में यह कोर्स शुरू होगा, जो राज्य के किसी भी निजी स्कूल में पहला होगा.
संताली भाषा की पढ़ाई के लिए कमेटी गठित, शिक्षकों की होगी नियुक्ति
स्कूल प्रबंधन की ओर से संताली भाषा की पढ़ाई के इच्छुक कक्षा छह के छात्रों की जानकारी अभिभावकों से मांगी गयी है. वहीं छात्रों द्वारा दी गयी जानकारी को स्कूल द्वारा संकलित किया जायेगा. जिससे कि तय समय-सीमा में सीबीएसइ को आवश्यक विवरण जमा किया जा सके. इधर, स्कूल की प्राचार्यासह सीबीएसइ की सिटी को-ऑर्डिनेटर डॉ चौहान ने बताया कि स्कूल में संताली भाषा की पढ़ाई को लेकर कमेटी बनायी गयी है. जिन्हें पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए कहा गया है. वहीं इस भाषा की पढ़ाई के लिए शिक्षकों की भी नियुक्ति की जायेगी. उन्होंने कहा कि सीबीएसइ के बदलाव का उद्देश्य केवल परीक्षा में एक और विषय जोड़ना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में बहुभाषिक दक्षता, सांस्कृतिक जुड़ाव और समग्र विकास को बढ़ावा देना है.
ये भी पढ़ें: JPSC Student Protest: CID की बड़ी कार्रवाई, पूर्व सदस्य अजीता भट्टाचार्य के PA ब्रज कुमार राम गिरफ्तार
डीपीएस, रांची प्रांगण में विशेषज्ञों ने तैयार की पुस्तक
डीपीएस की प्राचार्याडॉ जया चौहान ने बताया कि डीपीएस प्रांगण में संताली भाषा की पाठ्य पुस्तक को लेकर कमेटी बनायी गयी थी. जिन्होंने पुस्तक तैयार की है. कमेटी में राज्य के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के नौ लोग शामिल हैं. जिसमें ठाकुर प्रसाद मुर्मू (सहायक प्रोफेसर, संताली विभाग, सिदो-कान्हू बिरसा विवि, पीओ सैनिक स्कूल, पुरुलिया, पश्चिम बंगाल), डॉ सुशील टुडू (सहायक प्रोफेसर, पीजी संताली विभाग, सिदो मुर्मू कान्हू विवि, दुमका), डॉ जया चौहान (प्राचार्या, डीपीएस स्कूल), डॉ शर्मिला सोरेन (सहायक प्रोफेसर, पीजी संताली विभाग, एसकेएम विवि, दुमका), संतोष मुर्मू (सहायक प्रोफेसर, संताली विभाग, डीएसपीएमयू रांची), अमूल ऑगस्टिन हेम्ब्रम (सहायक शिक्षक, अपग्रेडेड हाइस्कूल, डांगापारा, पीओ डांगापारा, पीएस हिरणपुर, जिला पाकुड़), उलिसन मुर्मू, (सहायक शिक्षक, यूपीजी प्लस टू हाइस्कूल रानी पहाड़ी, काठीकुंड, दुमका), सिल्वेस्टर सोरेन (विज्ञान शिक्षक, यूएचएस बेलदाहा, जरमुंडी दुमका) और प्राची दीक्षित (एसोसिएट प्रोफेसर और अतिरिक्त निदेशक, शैक्षणिक सीबीएसइ) शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द हुई तो चली जाएगी नौकरी? 2 हजार कर्मचारियों को सता रहा डर, प्रोजेक्ट भवन के बाहर बनाई मानव श्रृंखला
