मॉडल कॉलेज में स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग का दिया संदेश

योग दिवस का पूर्वाभ्यास. स्वस्थ व संतुलित जीवन जीने की उत्कृष्ट पद्धति है योग

राजमहल.

मॉडल कॉलेज राजमहल परिसर में गुरुवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डॉ रणजीत कुमार सिंह ने की. कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की योग शिक्षिका मार्ग्रेट हेंब्रम एवं फिजिकल शिक्षिका ज्योति पन्ना विशेष रूप से उपस्थित थीं. प्राचार्य प्रो डॉ रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” है. योग जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक शक्ति, मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोगों की औसत आयु घटती जा रही है, ऐसे में योग को नियमित जीवनचर्या में शामिल कर स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की उत्कृष्ट पद्धति है. उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया. योग शिक्षिका मार्ग्रेट हेंब्रम ने विद्यार्थियों को नियमित योग, आसन एवं व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी. इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक योगासन एवं व्यायाम की आकर्षक प्रस्तुति दी. कार्यक्रम का संचालन डॉ शैलेश मिश्र ने किया. उन्होंने योग को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए इसे स्वस्थ जीवन का आधार बताया. वहीं प्रतिभा रक्षित ने चित्रांकन के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया. कार्यक्रम का समापन वैदिक मंगलकामना “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” के साथ किया गया. कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >